भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन ने साल 2019 से स्कूली बच्चों के लिए “युवा वैज्ञानिक कार्यक्रम”,“युवा विज्ञानी कार्यक्रम” (युविका) नाम के विशेष कार्यक्रम की शुरुआत की थी। इस कार्यक्रम के द्वितीय सत्र का आयोजन मई 2020 के दौरान किया जाएगा। इसरो ने स्कूली बच्चों के लिए इस साल मई में होने जा रहे दो सप्ताह के विशेष कार्यक्रम की घोषणा पहले ही कर दी थी। इसके लिए होने वाले ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की डेट 10 दिन आगे बढ़ा दी गई है। जिसके बाद अब युविका 2020 के लिए 5 मार्च तक आवेदन किया जा सकता है।
इसरो ने दी जानकारी
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने ट्वीट कर यह जानकारी दी है। पहले रजिस्ट्रेशन की आखिरी तारीख 24 फरवरी थी। हाल ही में पीएम मोदी ने भी अपने कार्यक्रम मन की बात में इसरो के युविका की तारीफ की थी। स्कूली छात्रों को अंतरिक्ष की जानकारी और उसकी टेक्नोलॉजी समझाने के लिए यंग साइंटिस्ट प्रोग्राम का दूसरा संस्करण शुरू किया है।
हर राज्य से तीन छात्र होंगे चयनित
युवा विज्ञानी कार्यक्रम 11 से 22 मई तक गर्मी की छुट्टियों में होगा। साथ ही कार्यक्रम में प्रमुख वैज्ञानिकों के व्याख्यान, उनके द्वारा अनुभव साझा करना, सुविधाओं एवं प्रयोगशालाओं को देखने जाना, विशेषज्ञों के साथ विचार-विमर्श के लिए विशेष सत्र, व्यावहारिक एवं फीडबैक सेशन भी शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए सी.बी.एस.ई., आई.सी.एस.ई. और राज्य पाठ्यक्रम को मिलाकर हर राज्य/संघशासित प्रदेश से तीन विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। देश भर से प्रवासी भारतीय नागरिक (ओ.सी.आई.) अभ्यर्थियों के लिए पाँच अन्य सीटें आरक्षित हैं।
चयन प्रक्रिया
चयन ऑनलाइन पंजीकरण के जरिए किया जाएगा। इसके लिए अब 3 से 5 मार्च तक www.isro.gov.in पर ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया चलेगी। ऐसे विद्यार्थी, जिन्होंने शैक्षणिक वर्ष 2019-20 में 8वीं कक्षा पास की है और 9वीं कक्षा में अध्ययनरत हैं , वे इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए योग्य होंगे। चयन मानदंड 8वीं कक्षा के शैक्षणिक निष्पादन एवं पाठ्य विषयेत्तर गतिविधियों के प्रदर्शन पर आधारित होंगे। इसमें आठवीं तक के कोर्स पर आधारित प्रवेश परीक्षा ली जाएगी।